3 साल पहले पास्सू में मांझी खड्ड किनारे बाढ़ में बह गई थी सडक़, खड्ड में लग रहा डंगा
आवाज़ ए हिमाचल
धर्मशाला। धर्मशाला शहर के दाड़ी से लेकर पास्सू, मनेड, चैतड़ू सडक़ की बहाली का काम आखिर 3 साल बाद शुरू हो गया है। इस पर 95 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसमें पास्सू में बाढ़ में बही सडक़ को दुरुस्त करने के लिए खड्ड में डंगा लगाया जा रहा है। इस सडक़ के जरिए धर्मशाला के निचले इलाकों के लोग चैतड़ू से दाड़ी तक सात मिनट में पहुंच जाते हैं। साथ ही उन्हें 11 किलोमीटर का जिला मुख्यालय का सफर महज 6 किलोमीटर में पूरा हो जाता है। इस बारे में धर्मशाला से विधायक व दिग्गज कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने बताया कि 12 जुलाई 2021 की बाढ़ यह सडक़ बह गई थी। इससे हजारों लोगों को दिक्कत हो रही थी। सुधीर शर्मा ने कहा कि चुनावों के समय उन्होंने जनता को इस सडक़ को बहाल करने की गांरटी दी थी। बाढ़ में बही सडक़ के इस हिस्से को 95 लाख रुपए से ठीक करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सडक़ के काम की लगातार समीक्षा की जा रही है। बरसात से पहले इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। मांझी खड्ड में बाढ़ से बहे सडक़ के इस हिस्से को पिछली भाजपा सरकार ने हाथ तक नहीं लगाया था। इससे हजारों की आबादी को दिक्कत हो रही थी। साथ ही लगातार हादसे का भी डर था। सुधीर शर्मा ने कहा कि पास्सू, पंतेहड़, मनेड, चैतड़ू, बगली, दाड़ी, धर्मशाला शहर आदि क्षेत्र के लोगों को इससे फायदा होगा। हिमाचल में 20 जून के बाद बरसात उतरती है। सुधीर शर्मा ने कहा कि इसी के मद्देनजर इस कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी की अगवाई में यह कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मांझी खड्ड के किनारों पर धर्मशाला, दाड़ी, मनेड, पास्सू, ढगवार, चैतड़ू आदि क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार डंगे लगाए जाएंगे। इस बारे में एक्सईएन पीडब्ल्यूडी जगतार सिंह ने बताया बरसात से पहले इस काम को पूरा किया जाएगा।