26 फरवरी के बाद अस्थायी रूप से बंद रहेंगी बिजली बोर्ड की ऑनलाइन सेवाएं, समय से पहले करें बिल भुगतान

14 फरवरी: हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड ने उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड अपने डेटा सेंटर के सॉफ्टवेयर इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड करने जा रहा है, जिसके चलते 26 फरवरी की मध्यरात्रि से बिलिंग और भुगतान से जुड़ी सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपना बिजली बिल जमा कर लें।

बोर्ड के मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) ने शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा जोन को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। सभी विद्युत उपमंडलों को 21 फरवरी तक मीटर रीडिंग और बिल जनरेशन की प्रक्रिया पूरी करने तथा 26 फरवरी तक बकाया भुगतान और वसूली का कार्य संपन्न करने को कहा गया है।

सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के दौरान उपभोक्ता न तो ऑनलाइन बिल भुगतान कर सकेंगे और न ही कंज्यूमर पोर्टल या मोबाइल ऐप की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस अवधि में बिलिंग और मीटरिंग से जुड़ी प्रक्रियाएं अस्थायी रूप से ऑफलाइन मोड में संचालित होंगी।

विद्युत बोर्ड प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर स्थापित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। नई प्रणाली लागू होने के बाद मीटर रीडिंग सीधे नेटवर्क के माध्यम से होगी, जिससे उपभोक्ताओं को बिल संबंधी जानकारी सीधे मोबाइल पर उपलब्ध हो सकेगी। विभाग का कहना है कि यह कदम व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *