24 फरवरी: जिला ऊना के हरोली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को जब्त किया है। इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात पालकवाह चौक पर नाकेबंदी के दौरान मंगलवार तड़के करीब 4 बजे सलोह की ओर से आ रही दो पिकअप गाड़ियों को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहनों में आम सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ी पाई गई।
जब चालकों से लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और परमिट मांगे गए, तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान धर्मपाल सिंह निवासी गांव बढेड़ा और बृजपाल सिंह निवासी धर्मपुर के रूप में हुई है।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।