13 मार्च: हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊंचे इलाकों में रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है।
ताजा बर्फबारी के चलते प्रशासन ने एहतियातन मनाली-लेह मार्ग को जिस्पा से आगे वाहनों के लिए बंद कर दिया है। वहीं भरमौर, गोंदला, केलांग और सलूणी सहित कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में भी दिनभर बादल छाए रहे और तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक ओर मैदानी इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है, जबकि दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। विभाग ने 15 और 16 मार्च को कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
इसके अलावा कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को हीटवेव के दौरान दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।