हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से लोक निर्माण विभाग को 500 करोड़ का नुक्सान

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मानसून के कारण आई प्राकृतिक आपदा से विभाग को 500 करोड़ रुपए का नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान विभाग ने 5 दिन के रिकाॅर्ड समय में वैली ब्रिज बनाकर यातायात की बहाली की है। विक्रमादित्य सिंह ने यह जानकारी राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात करके दी।

उन्होंने प्रदेश में हुए नुक्सान की जानकारी भी राज्यपाल से सांझा की। उन्होंने कहा कि वह आपदा प्रभावित क्षेत्रों समेज, बागीपुल, राजबन, मणिकर्ण और मलाणा का दौरा करके लौटे हैं, जहां पर जन-धन को भारी क्षति पहुंची है।

 

उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुक्सान और विभाग की तरफ से किए जा रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश को समृद्ध राज्य बनाना चाहती है, जिसके लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने देगी और पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सरकार स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए तथा किसी भी प्रतिकूल हालात से निपटने के लिए समय पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

 

अमित शाह व नितिन गडकरी से सहयोग मांगा

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं केंद्रीय भूतल परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आपदा के समय सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि राज्य के पुनर्निर्माण कार्य में प्रदेश सरकार को केंद्र से मदद की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर चलना चाहती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *