हिमाचल में चिट्टा तस्करी नेटवर्क बेनकाब, पंजाब से गिरफ्तार हुआ मुख्य सप्लायर

1 फरबरी: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिट्टा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। परवाणू में सामने आए चिट्टा तस्करी मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने पंजाब से एक और मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि 10 जनवरी को परवाणू की टर्मिनल मार्केट से एक युवक को 10.47 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया था। आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले चंडीगढ़ से एक सप्लायर को हिरासत में लिया। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए मोहाली (पंजाब) से सतनाम सिंह निवासी जलालाबाद, जिला फाजिल्का को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस रिमांड के दौरान सतनाम सिंह ने खुलासा किया कि वह यह नशा कुलविंदर सिंह निवासी ग्राम चंगराई उत्तर, जिला फिरोजपुर (पंजाब) से खरीदता था। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस की टीम ने 30 जनवरी को सुहाना, जिला मोहाली में दबिश देकर मुख्य सप्लायर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बीच बड़े पैमाने पर आर्थिक लेन-देन हुआ है। कुलविंदर सिंह के बैंक खातों की जांच में अन्य आरोपियों के साथ लाखों रुपये की संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाई गई है, जिससे नशा तस्करी के इस नेटवर्क की पुष्टि हुई है। मामले में अब तक 20 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया जा चुका है। मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *