12 मार्च: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार आउटसोर्स आधार पर होने वाली भर्तियों को बंद करने की दिशा में काम कर रही है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से युवाओं का शोषण होता है, इसलिए सरकार नियमित रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है।
आईजीएमसी शिमला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में नियमित स्टाफ नर्सों के साथ-साथ असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद भी सृजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को जल्द रोजगार मिल सके। इसके अलावा बैचवाइज नर्सों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल एजुकेशन विभाग में अगले महीने करीब 80 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार होंगे और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य के मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी और हाई-एंड एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करते हुए 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पंचायती राज संस्थाओं में 57.5 प्रतिशत महिलाएं चुनी गई हैं, जो हिमाचल के लिए गर्व की बात है।