09 फरवरी : बिलासपुर जिले के नौणी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नामी कंपनी की चॉकलेट के भीतर जिंदा कीड़ा और उसके अंडे मिलने से लोगों में आक्रोश है। पीड़ित परिवार ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का मन बनाया है।
बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौणी के गांव मंडी मानवा निवासी एवं भाखड़ा विस्थापित सभा के अध्यक्ष रमेश चंद कौंडल ने बताया कि उन्होंने स्थानीय बाजार से बच्चों के लिए पांच रुपये की चॉकलेट खरीदी थी। जब घर पर बच्चे शिवा को चॉकलेट देने के लिए रैपर खोला गया, तो उसके अंदर जिंदा कीड़ा रेंगता हुआ मिला और चॉकलेट पर अंडे भी मौजूद थे।
रमेश चंद ने बताया कि गनीमत रही कि बच्चे के मुंह में चॉकलेट जाने से पहले ही यह देख लिया गया, अन्यथा किसी गंभीर बीमारी या जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने बताया कि चॉकलेट के पैकेट पर वैधता तिथि मई 2026 अंकित है और बैच कोड भी मौजूद है, इसके बावजूद इस तरह की गंदगी मिलना कंपनी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।
पीड़ित ने चॉकलेट को सुरक्षित रख लिया है और कानूनी रूप से सैंपल जांच करवाने की तैयारी की जा रही है। वहीं सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग महेश कश्यप ने कहा कि मामले की शिकायत मिलने पर चॉकलेट का सैंपल लेकर जांच की जाएगी और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।