हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने लगा, 589 हुए कुल केस

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

06 मार्च। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने लगा है। प्रदेश में सक्रिय मामले पांच सौ के पार हो गए हैं। अब एक्टिव मामलों की संख्या 589 पर पहुंच गई है। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे मामलों के कारण आपदा प्रबंधन की राज्य कार्यकारी समिति ने प्रदेश के सभी विभागों, जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और प्रदेश स्वस्थ्य विभागों के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

शुक्रवार को कारोना से 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 72 नए पॉजिटिव केस आए। इसमें सबसे अधिक 24 मामले सिरमौर के हैं, जबकि मौत कांगड़ा जिले में हुई। शुक्रवार को 22 संक्रमित स्वस्थ्य हुए हैं। कोविड जांच के लिए 4442 सैंपल लिए गए जिसमें से 3986 नेगेटिव आए हैं। प्रदेश में सबसे अधिक एक्टिव मामलों की संख्या कांगड़ा में 255 हो गई है। जबकि ऊना में 60 और अन्य जिलों में 52 से कम मामले हैं। प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 59014 पहुंच गई है और और 57428 कोविड पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हुए हैं। विधानसभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को बताया कि कोविड को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सिरमौर जिले में 15 छात्राएं संक्रमित

जिला सिरमौर में उपमंडल पच्छाद की इटरनल यूनिवर्सिटी व अकाल अकादमी बडू साहिब की 15 छात्राएं संक्रमित पाई गईं।

4914 वरिष्ठ नागरिकों को दी कोविड वैक्सीन

टीकाकरण के तीसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु के 4914 वरिष्ठ नागरिकों को शुक्रवार को कोविड वैक्सीन दी गई है। अभी तक कुल 9584 वरिष्ठ नागरिकों को वैक्सीन दी गई। शुक्रवार को ही 807 अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं को कोविड वैक्सीन लगाई गई। प्रदेश के 38959 अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं को कोविड वैक्सीन की पहली डोज दी गई, जबकि 3963 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *