आवाज ए हिमाचल
05 जून। हिमाचल प्रदेश के डिपुओं में चीनी के दाम बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि उपभोक्ताओं को बंद पैकेट में चीनी दी जानी है। ऐसे में चीनी के दाम 3 से 4 रुपये तक बढ़ाए जाएंगे। खाद्य आपूर्ति निगम ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। हिमाचल में 18.50 लाख राशनकार्ड उपभोक्ता हैं। सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को डिपुओं में 3 दालें, 2 लीटर तेल, 600 ग्राम प्रति उपभोक्ता चीनी और एक किलो नमक दिया जा रहा है।
आटा और चावल केंद्र सरकार उपलब्ध करा रही है। गरीब परिवारों को 19 रुपये और एपीएल उपभोक्ताओं को 30 रुपये के हिसाब से चीनी दी जा रही है। खाद्य आपूर्ति निगम के एमडी मानसी सहाय ने बताया कि डिपुओं में आधा और एक किलो की पैकिंग में चीनी उपलब्ध कराई जानी है। रेट में बढ़ोतरी हो सकती है। बढ़े दाम या सरकार देगी या फिर उपभोक्ताओं से वसूला जाएगा। उपभोक्ताओं की अक्सर शिकायत रहती है कि उन्हें गीली चीनी मिल रही है। ऐसे में पैकेट बंद लिफाफे में चीनी दी जानी है।