27 जनवरी: हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया के दौरान डोप टेस्ट में पहली बार एक चयनित अभ्यर्थी की रिपोर्ट पॉजिटिव सामने आई है। यह मामला जिला कांगड़ा से संबंधित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चयनित अभ्यर्थी का पहले अस्पताल में लिया गया सैंपल जांच में पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद पुष्टि के लिए सैंपल को फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया, जहां जांच में भी नशे के सेवन की पुष्टि हुई है।
प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा राज्यभर में चयनित अभ्यर्थियों के जिलावार डोप टेस्ट कराए जा रहे हैं। अधिकांश जिलों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ जिलों में अंतिम चरण में है। सभी जिलों की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितने चयनित अभ्यर्थियों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने युवाओं में बढ़ते नशे, विशेषकर चिट्टे जैसे घातक नशों को देखते हुए पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोप टेस्ट को अनिवार्य किया है। इसका उद्देश्य पुलिस जैसे जिम्मेदार और अनुशासित विभाग में नशे के आदी युवाओं की भर्ती को रोकना है।
निदेशालय फोरेंसिक सेवाएं की निदेशक डॉ. मीनाक्षी महाजन ने पुष्टि करते हुए बताया कि जिला कांगड़ा से भेजा गया सैंपल जांच में पॉजिटिव पाया गया है और रिपोर्ट संबंधित पुलिस विभाग को भेज दी गई है। वहीं एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि मामले से पुलिस मुख्यालय को अवगत करा दिया गया है और आगामी निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।