हिमाचल के लाहौल स्पीति में मौसम का पहला हिमपात

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

27 अक्टूबर : हिमाचल में ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य के जनजातीय जिला लाहौल स्पिति में आज मौजूदा सर्दियों का पहला हिमपात हुआ है। इसी के साथ राज्य में सर्दियों का विधिवत आगाज हो गया है। हालांकि प्रदेश में इस समय वर्षा का बेसब्री से इंतजार है क्योंकि राज्य में बीते लगभग दो महीनों से जहां वर्षा नहीं हुई है वहीं इस बार मॉनसून ने भी प्रदेश में सामान्य से 25 फीसदी वर्षा कम दर्ज की गई है। ऐसे में राज्य में इन दिनों सूखे जैसे हालात हैं और किसानों तथा बागवानों को बेसब्री से बारिश का इंतजार है।जानकारी के मुताबिक आज लाहौल घाटी की ऊंची चोटियों के साथ-साथ जिले के रिहायशी इलाकों में भी सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। जिले की ऊंची चोटियों, रोहतांग दर्रा, बारालाचा दर्रा, सप्तऋषि और लेडी ऑफ केलांग सहित सभी पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।लाहौल घाटी में मौसम की पहली बर्फबारी से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई है। आज केलांग में न्यूनतम तापमान -1 डिग्री दर्ज किया गया जबकि कोकसर और दारचा में न्यूनतम तापमान -4 डिग्री तक गिर गया है। इससे लोगों को अभी से जहां भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है वहीं लाहौल घाटी के अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर पानी जमने की समस्या भी आरंभ हो गई है। जानकारी के मुताबिक रोहतांग और बारालाचा दर्रे पर बीती रात और आज दो इंच ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। हालांकि आज दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से हल्की राहत भी मिली है। इस बीच प्रदेश में शुष्क मौसम का दौर लगातार जारी है। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। आज कल्पा में न्यूनतम तापमान 2.7 जबकि मनाली में 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *