05 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत डिपुओं में मिलने वाले सरसों तेल की कीमतों में 7 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 19.50 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और घरेलू बजट पर बोझ कुछ हद तक कम होगा।
फरवरी माह से लागू नई दरें
नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा नई दरें लागू कर दी गई हैं। जनवरी माह की तुलना में अब उपभोक्ताओं को सरसों तेल कम कीमत पर मिलेगा।
APL और NFSA राशनकार्ड धारक:
पहले ₹160 प्रति लीटर मिलने वाला सरसों तेल अब ₹153 प्रति लीटर मिलेगा।
टैक्सपेयर (करदाता) राशनकार्ड धारक:
इनके लिए कीमत ₹168 से घटाकर ₹161 प्रति लीटर तय की गई है।
लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा
सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन हमीरपुर की असिस्टेंट एरिया मैनेजर रीता कुमारी ने बताया कि डिपुओं में नई दरों पर सरसों तेल की सप्लाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस मूल्य कटौती का लाभ प्रदेश के करीब साढ़े उन्नीस लाख राशनकार्ड धारकों को मिलेगा, खासकर मध्यम और गरीब वर्ग के परिवारों को इससे राहत मिलेगी।
दाल चना को लेकर बढ़ी चिंता
जहां एक ओर सरसों तेल सस्ता हुआ है, वहीं दूसरी ओर दाल चना के दाम उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। वर्तमान में डिपुओं में दाल चना ₹73 प्रति पैकेट मिल रहा है, जबकि बाजार में इसका दाम करीब ₹70 प्रति किलो है। ऐसे में राशनकार्ड धारकों को बाजार के मुकाबले डिपो से दाल चना महंगा पड़ रहा है।