आवाज ए हिमाचल
30 मई।भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की जय हिंद सभा शुक्रवार को पीटरहॉफ शिमला में शुरू हुई। सभा में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के भाषण के अंश सबसे पहले प्रसारित किए गए। इस दाैरान कांग्रेस नेता अजय माकन, प्रदेश पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल भी माैजूद रहीं। सभा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कैबिनेट मंत्री और पार्टी विधायक भी माैजूद रहे।इस दाैरान कांग्रेस ने जय हिंद सभा से सेना के शौर्य और बलिदानियों को नमन किया। इस सभा में कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा से निपटने के सरकार के तरीकों तथा भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम में अमेरिका की भागीदारी को लेकर सवाल उठाए। इस दाैरान बलिदानियों के परिजनों, पदक विजेताओं पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। उधर, कांग्रेस की रैली के चलते सुबह शहर में जाम की समस्या भी रही।