28 फरवरी: हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत एपीएल श्रेणी के परिवारों को मिलने वाले आटे के कोटे में कटौती की गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग के नए आदेश के अनुसार अब एपीएल कार्ड धारकों को डिपो पर 14 किलो के बजाय 11 किलो आटा ही मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक फरवरी माह में भी एक किलो की कमी की गई थी, और अब अतिरिक्त दो किलो घटाए जाने के बाद कुल तीन किलो की कटौती हो चुकी है। इस फैसले का असर प्रदेश के लाखों एपीएल परिवारों पर पड़ेगा, जो सस्ती दरों पर मिलने वाले राशन पर निर्भर हैं।
एपीएल परिवारों को डिपो पर 12 रुपये प्रति किलो की दर से आटा उपलब्ध कराया जाता है। कोटे में कमी के चलते उपभोक्ताओं को शेष जरूरत के लिए बाजार से आटा खरीदना पड़ सकता है।
हालांकि, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और बीपीएल श्रेणी के परिवारों के कोटे में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन परिवारों को पहले की तरह 35 किलो राशन मिलता रहेगा, जिसमें 15 किलो चावल मुफ्त शामिल है। अन्य श्रेणियों को भी निर्धारित दरों पर आटा और चावल मिलता रहेगा।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कटौती फिलहाल केवल एपीएल श्रेणी के आटे तक सीमित है। चावल, दालें, तेल, चीनी और नमक की सप्लाई में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
विभाग ने डिपो धारकों को समय पर राशन वितरण के निर्देश दिए हैं और उपभोक्ताओं से निर्धारित समय के भीतर अपना राशन लेने की अपील की है।