13 अप्रैल: हमीरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के एक मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 5 अप्रैल की रात दड़ूही क्षेत्र से भैंस चोरी कर उसे सहारनपुर ले जाकर 27,000 रुपए में बेच दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सहजाद पुत्र इरफान और सलमान निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है, जो लंबे समय से हमीरपुर के डिडवीं-टिक्कर क्षेत्र में रहकर भैंसों का व्यापार कर रहे थे।
मामले के मुताबिक, 5 अप्रैल की रात दोनों आरोपियों ने दड़ूही निवासी रूपदीन पुत्र खैरदीन की भैंस को ट्राले में लोड कर सहारनपुर पहुंचाया, जहां उसे बेच दिया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपियों का ट्राला चिन्हित किया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने शनिवार रात ट्राला चालक सलमान को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी सहजाद को रविवार दोपहर दबोचा गया। बताया जा रहा है कि सहजाद पिछले करीब 12 वर्षों से डिडवीं-टिक्कर क्षेत्र में रहकर भैंसों का कारोबार कर रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की पुष्टि एएसपी राजेश उपाध्याय ने करते हुए बताया कि पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।