हमीरपुर में होटल से देह व्यापार का भंडाफोड़, 3 महिलाएं रेस्क्यू; सेटलमेंट की कोशिश नाकाम

6 अप्रैल: हमीरपुर जिले के भोटा क्षेत्र के पास एनएच किनारे स्थित एक निजी होटल में पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब की रहने वाली तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है।

पुलिस द्वारा होटल में रेड के दौरान पाया गया कि वहां आने वाले ग्राहकों का कोई रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान जब मामला उजागर हुआ तो होटल प्रबंधन की ओर से पुलिस के साथ सेटलमेंट करने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस ने इसे सख्ती से नकार दिया।

मामले की अगुवाई कर रहे सदर थाना के एसएचओ कुलवंत सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया और होटल प्रबंधकों से पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि होटल के तीन मालिक हैं और इसे तीन हिस्सों में बांटा गया है, जिनमें से दो मालिकों द्वारा ग्राहकों का कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा था, जबकि तीसरे के पास रजिस्टर मेंटेन पाया गया।

रेस्क्यू की गई महिलाओं का मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है और उन्हें वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। वहीं, होटल मालिकों को नोटिस पर छोड़कर उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि देह व्यापार से जुड़ा मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस होटल में यह गतिविधि काफी समय से चल रही थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *