25 फरवरी: जिला हमीरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मसेरडू गांव में 49 वर्षीय व्यक्ति की जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार पुत्र हंस राज, निवासी गांव मसेरडू (डिडवीं टिक्कर), जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम की है। अनिल कुमार द्वारा कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। एम्स में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। शव का पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि जहरीले पदार्थ का सेवन किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे।
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।