हमीरपुर में निवेश के नाम पर ठगी: न्यायाधीश से 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी, मामला दर्ज

11 फरवरी: हमीरपुर — हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में ऑनलाइन निवेश के नाम पर एक न्यायाधीश से छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित न्यायाधीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक आकर्षक निवेश योजना का विज्ञापन देखा था, जिसमें कम समय में निवेश की राशि दोगुनी करने का दावा किया गया था। योजना से प्रभावित होकर उन्होंने विज्ञापन में रुचि दिखाई।

इसके बाद कथित तौर पर दो महिलाओं ने स्वयं को एक प्रतिष्ठित निवेश फर्म और बैंक से जुड़ा प्रतिनिधि बताते हुए उनसे संपर्क किया। बातचीत के दौरान उन्हें म्यूचुअल फंड में निवेश पर भारी मुनाफे का भरोसा दिया गया। आरोप है कि झांसे में लेकर न्यायाधीश से विभिन्न किस्तों में कुल छह लाख रुपये निवेश करवा लिए गए।

हालांकि, जब पीड़ित ने निवेश की गई राशि निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है और लोगों को किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल और सत्यापन करना चाहिए।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *