16 फरवरी: उपमंडल भोरंज के अंतर्गत बस्सी क्षेत्र में शनिवार रात एक रिहायशी मकान में गैस सिलेंडर बदलते समय आग लगने की घटना सामने आई है। हादसे में एक महिला और उनका पुत्र झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब परिवार रसोई में खाना बना रहा था। गैस समाप्त होने पर नया सिलेंडर लगाया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सिलेंडर बदलने के बाद गैस रिसाव हुआ और आग जलाने के दौरान अचानक लपटें उठ गईं, जिससे रसोई में मौजूद सुनीता और उनके बेटे इंद्रजीत डोगरा झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। आग से रसोई को नुकसान पहुंचा तथा खिड़कियों के शीशे टूट गए। हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आकस्मिक दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ितों के बयान दर्ज किए हैं और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।