हमीरपुर के वेटलिफ्टर विकास को ‘अर्जुन अवार्ड’, राष्ट्रपति 30 को करेंगी सम्मानित

Spread the love

आवाज़  ए हिमाचल 

 हमीरपुर। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2022 की सोमवार को घोषणा के साथ ही हिमाचल को बड़ी $खुशखबरी मिली है। प्रदेश के हमीरपुर जिला के वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को इस बार अर्जुन अवार्ड के लिए चुना गया है। हमीरपुर जिला के पटनौण के रहने वाले वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने हाल ही में बर्मिंघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2022 में भारत को रजत पदक दिलाया था। विकास ने 96 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 346 किलोग्राम भार उठाकर पदक अपने नाम किया था। उन्होंने स्नैच में 155 किलोग्राम, जबकि क्लीन एंड जर्क में 191 किलोग्राम भार उठाया। विकास ने उससे पहले भी 2018 में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था, जबकि 2014 के ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में वह भारत को रजत पदक दिला चुके हैं।

इस तरह लगातार तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने पदक अपने नाम किया। उधर, टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल अंचता को इस बार के खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। अर्जुन अवार्ड के लिए विकास ठाकुर सहित 25 खिलाडिय़ों को चुना गया है। सात कोच द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित होंगे। वहीं, चार खिलाड़ी ध्यानचंद अवार्ड से सम्मानित किए जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 नवंबर को सभी खिलाडिय़ों और कोच को पुरस्कार प्रदान करेंगी।

सभी पुरस्कारों की बात करें, तो मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड के लिए टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल को चुना गया है। इसके अलावा अर्जुन अवार्ड पाने वाले खिलाडिय़ों में सीमा पुनिया (एथलेटिक्स), एल्डहॉस पॉल (एथलेटिक्स), अविनाश मुकंद साबले (एथलेटिक्स), लक्ष्य सेन (बैडमिंटन), एचएस प्रणय (बैडमिंटन) शामिल हैं। इसके अलावा अमित पंघाल (बॉक्सिंग), निकहत जरीन (बॉक्सिंग), भक्ति प्रदीप कुलकर्णी (शतरंज), रमेशबाबू प्रज्ञानानंदा (शतरंज), दीप ग्रेस इक्का (हॉकी), शुशीला देवी (जूडो), साक्षी कुमारी (कबड्डी), नयन मोनी साक्या (लॉन बॉल), सागर कैलास ओवहलकर (मलखंभ), एलावेनिवलारिवन (शूटिंग), ओमप्रकाश मिथरवाल (शूटिंग), श्रीजा अकुला (टेबल टेनिस), विकास ठाकुर (वेटलिफ्टिंग), अंशु (कुश्ती), सरिता (कुश्ती), प्रवीण (वुशू), मानसी गिरिशचंद्र जोशी (पैरा बैडमिंटन), तरुण ढिल्लो (पैरा बैडमिंटन), स्वप्निल संजय पाटिल (पैरा स्विमिंग), जेर्लिन अंकिता जे (डीफ बैडमिंटन) को भी अर्जुन अवार्ड के लिए चुना गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *