2 फरवरी : रविवार को हमीरपुर शहर के गौड़ा क्षेत्र में संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान साहिल ठाकुर (29) निवासी लोअर बरोट, फतेहपुर तहसील सरकाघाट, जिला मंडी के रूप में हुई है। युवक की मौत के कारणों को लेकर सदर पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजनों ने 27 जनवरी को साहिल ठाकुर को उपचार के लिए गौड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था। रविवार दोपहर को वह केंद्र में अचेत अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही नशा मुक्ति केंद्र के संचालक युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की देखरेख में रविवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
नशा मुक्ति केंद्र में युवक की अचानक हुई मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि युवक की मौत के कारणों की गहनता से छानबीन की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।