सोशल मीडिया चैट से भड़की रंजिश, मंडी में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला

05 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोशल मीडिया पर हुई कहासुनी एक गंभीर आपराधिक घटना में बदल गई। शहर के बाहरी क्षेत्र रानी की बाईं में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर ऑनलाइन चैट के दौरान हुई थी। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो बाद में व्यक्तिगत रंजिश और प्रेम-प्रसंग से जुड़ती चली गई। यह विवाद मोबाइल स्क्रीन से निकलकर एक मैकेनिक की दुकान तक पहुंच गया, जहां आमना-सामना होते ही गाली-गलौज और फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई।

घायल युवक मंडी जिले के कोटली क्षेत्र के बरयारा का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद घायल युवक का अस्पताल से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हमले से जुड़ी जानकारी देता नजर आ रहा है। सदर थाना मंडी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

घायल युवक की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी दुकान में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

मंडी की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच हर पहलू से की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपसी रंजिश, सोशल मीडिया चैट और प्रेम-प्रसंग से जुड़े सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *