सोलन व पालमपुर में कांग्रेस की जीत, मंडी में भाजपा को क्लीन स्वीप:धर्मशाला में नही मिला पूर्ण बहुमत

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

07 अप्रैल।पहली बार बुधवार को एक साथ हुए चार नगर निगमों के चुनाव में सोलन और पालमपुर में कांग्रेस ने अपना परचम लहरा दिया है, जबकि मंडी में भाजपा ने क्लीन स्वीप किया। धर्मशाला में भाजपा ने सबसे ज्यादा 17 में 8 सीटों पर जीत हासिल की है, लेकिन बहुमत पाने के लिए भाजपा को यहां निर्दलीय के साथ की जरूरत पड़ेगी। वहीं, पालमपुर में कांग्रेस ने अप्रत्याशित जीत हासिल करते हुए 15 में से 11 सीटें जीत ली हैं। यहां भाजपा और निर्दलीय केवल दो-दो सीटें ही जीत पाए। चार नगर निगमों में कांग्रेस को दो और भाजपा को एक पर स्पष्ट बहुमत मिला है। इससे आगामी विधानसभा चुनाव भी दिलचस्प होगा। बुधवार मतदान के बाद देर रात तक चारों नगर निगमों के चुनाव के बाद 64 वार्डों के नतीजे घोषित कर दिए गए। नगर निगम धर्मशाला में भाजपा आठ, कांग्रेस पांच और निर्दलीय चार वार्डों में जीती है। ऐसे में बेशक यहां भाजपा आगे हो, मगर यहां निर्दलियों की महापौर और उप महापौर की नियुक्ति में अहम भूमिका रहने वाली है। मंडी नगर निगम में 11 वार्डों में भाजपा, चार में कांग्रेस को जीत मिली है। यहां भाजपा को बहुमत मिल गया है।
नगर निगम सोलन में कांग्रेस की नौ, भाजपा की सात और निर्दलीय के रूप में एक प्रत्याशी की विजय हुई है। सोलन में बघाट बैंक के चेयरमैन एवं भाजपा प्रत्याशी भी चुनाव हार गए। नगर निगम पालमपुर में कांग्रेस के 11, भाजपा के दो और दो निर्दलीय जीते हैं। यहां कांग्रेस की अप्रत्याशित जीत हुई है। वहीं, छह नगर पंचायतों और 136 पंचायत प्रधानों के चुनाव के नतीजे भी बुधवार देर शाम घोषित कर दिए गए।
राज्य के चार नगर निगमों के चुनाव में 65 फीसदी मतदान हुआ, जबकि छह नगर पंचायतों नेरवा, चिड़गांव, आनी, निरमंड और अंब में 78.20 फीसदी वोट डाले गए। जिला शिमला के दो ब्लॉक चौपाल, टुटू और जिला मंडी के धर्मपुर ब्लॉक के पंचायत चुनाव में 68.13 फीसदी वोटिंग हुई। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया गया। तीनों चुनाव में 65 कोरोना मरीजों ने वोट डाले।
नगर निगम चुनाव में 43, नगर पंचायत अंब में 15 और पंचायत प्रधानों के चुनाव में 7 कोरोना मरीजों ने वोट डाले। धर्मशाला और पालमपुर में 14, मंडी 13 और सोलन में 16 संक्रमितों ने वोट डाले हैं। पंचायत चुनाव में जिला शिमला के चौपाल और टुटू ब्लाक में छह और मंडी के धर्मपुर ब्लाक में एक संक्रमित ने वोट डाला। यह जानकारी राज्य चुनाव आयोग के चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *