सोलन में होटल पर छापा, चिट्टे के साथ 5 युवक गिरफ्तार

13 मार्च: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल से 5 युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर सोलन बाईपास स्थित एक होटल में छापेमारी कर की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में कुछ संदिग्ध युवक ठहरे हुए हैं और उनके पास नशीला पदार्थ है। सूचना मिलते ही टीम ने होटल में दबिश दी और तलाशी के दौरान युवकों के पास से 21.18 ग्राम चिट्टा बरामद किया।

पकड़े गए आरोपियों में से चार युवक हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि एक आरोपी सोलन जिले का स्थानीय निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी होटल में नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई के उद्देश्य से ठहरे हुए थे।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *