07 फ़रवरी: सोलन जिला में परिवहन विभाग ने यातायात नियमों की अवहेलना और टैक्स चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 28 वाहनों के चालान काटकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। इस दौरान बिना वैध दस्तावेजों के चल रही दो बसों को भी जब्त किया गया है।
आरटीओ बद्दी-नालागढ़ विपिन गुप्ता के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने नालागढ़-मानपुरा और नालागढ़-ढेरोवाल मार्ग पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक कंपनी बस और एक स्कूल बस को बिना वैध दस्तावेजों के चलते पाया गया, जिसके चलते दोनों बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा बिना परमिट, बिना टैक्स तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आरटीओ विपिन गुप्ता ने बताया कि इस तरह के चैकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने व टैक्स चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।