सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बद्दी ने किया एमएसएमई ग्राहक सम्मेलन का आयोजन

कविता शांति गौतम 07 फरवरी : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बद्दी द्वारा होटल एसेट, सिक्का चौक में एमएसएमई ग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जोनल हेड ऑफिस शिमला के जोनल हेड मुकेश कुमार चौधरी ने किया। इस अवसर पर नालागढ़ शाखा प्रबंधक आतिश ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मुकेश कुमार चौधरी ने कहा कि एमएसएमई ऋण एवं उद्यम विकास को लेकर इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि फार्मा हब जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में सभी बैंकों को मिलकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए ताकि उद्यमियों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना वर्ष 1911 में हुई थी और यह देश का पूर्णतः स्वदेशी बैंक है, जिसने हाल ही में 115 वर्ष पूरे किए हैं।

उन्होंने कहा कि बैंक “राष्ट्र का बैंक, राष्ट्र के लिए” की भावना के साथ देश की आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर 75 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि देशभर में बैंक की 4556 शाखाएं हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों में इसकी 87 शाखाएं कार्यरत हैं।

नालागढ़ शाखा प्रबंधक आतिश ठाकुर ने बताया कि फार्मा क्लस्टर में बैंक द्वारा 7.35 प्रतिशत से 8.55 प्रतिशत तक की ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने जीएसटी एक्सप्रेस लोन, प्री-अप्रूव्ड लोन, डिजिटल बैंकिंग उत्पादों सहित अन्य नई योजनाओं की भी जानकारी दी।

एमसीसी हेड द्वारा भी विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की विस्तार से जानकारी साझा की गई। बीबीएन उद्योग संघ के राकेश शर्मा ने बैंक के प्रयासों की सराहना करते हुए उद्योगों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं, उपस्थित उद्यमियों ने लघु उद्योगों को सरल और शीघ्र ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *