आवाज ए हिमाचल
11 सितंबर।भारतीय जनता पार्टी की जिला महासू बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष अरुण फालटा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, चेतन ब्रागटा, अजय श्याम, शशि बाला, कौल नेगी, इंदु वर्मा, नरेश शर्मा, सुशील कड़शोली, राकेश डोगरा, संजय वर्मा और हरि चंद डोगरा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और उनके विज़न को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और आत्मविश्वास का विषय है। पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और आज विश्व मंच पर देश का मान-सम्मान बढ़ा है।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति ने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है। “पीएम मोदी ने भारत को कभी भी किसी देश के सामने झुकने नहीं दिया। उनकी नीतियों ने अमेरिका जैसी महाशक्ति को भी भारत के दृष्टिकोण और ताकत को स्वीकार करने पर मजबूर किया है,” कश्यप ने कहा।सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को 1500 करोड़ रुपये की सौगात दी है, जिससे राहत व पुनर्वास कार्यों में तेजी आएगी।उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आपदा के समय प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। “प्रदेश के सेब उत्पादक किसान इस समय भारी संकट में हैं। सेब की फसल तैयार है, लेकिन खराब सड़कों और सरकारी लापरवाही के कारण उपज मंडियों तक नहीं पहुँच पा रही। मजबूरी में सेब पेड़ों पर ही लटक गए हैं,” कश्यप ने कहा।कश्यप ने कांग्रेस पर किसानों और बागवानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आपदा प्रबंधन को लेकर नाकामी दिखाई है, जबकि भाजपा की केंद्र सरकार ने हमेशा हिमाचल को प्राथमिकता दी है।उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार किसानों, बागवानों और आम जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिससे उनकी आय बढ़े और जीवन स्तर सुधरे।सुरेश कश्यप ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत आज न केवल आर्थिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, बल्कि तकनीकी नवाचार, अंतरिक्ष अनुसंधान, रक्षा उत्पादन और वैश्विक कूटनीति में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।बैठक के अंत में भाजपा पदाधिकारियों ने भी संकल्प लिया कि वे पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाएंगे और हिमाचल में भाजपा को मजबूत करेंगे।