सीएम से वीडियो कॉल पर रखी मांग, भनाला–बोडुसरना को मिला नया फुटब्रिज

12 फरवरी : शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की भनाला और बोडुसरना पंचायतों के लोगों को नया फुटब्रिज मिलने से बड़ी राहत मिली है। भारी बरसात में पुराना पुल बह जाने के बाद दोनों पंचायतों का आपसी संपर्क टूट गया था, जिससे धड़मोथा गांव सहित करीब 200 लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री से वीडियो कॉल के माध्यम से साझा की थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु ने 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। मात्र तीन माह की अवधि में पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया।

बुधवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नवनिर्मित फुटब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “व्यवस्था परिवर्तन” के संकल्प के साथ जन समस्याओं का शीघ्र समाधान कर रही है। इस पुल के निर्माण से सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनका सफर फिर से सुगम हो गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार जनहित में लगातार फैसले ले रही है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही नड्डी में एशिया की सबसे बड़ी जिप लाइन को भी मंजूरी दी गई है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

नए पुल के निर्माण पर स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और विधायक का आभार जताया। इस अवसर पर भनाला पंचायत के पूर्व प्रधान रविंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *