यात्रा के सौ दिन पूरे होने पर राजस्थान पहुंचकर बने हमराही
आवाज़ ए हिमाचल
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस पार्टी के सभी नवनियुक्त विधायकों के साथ आज राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया।सुक्खू बीते कल ही सभी विधायकों के साथ राजस्थान पहुंच गए थे। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे हो गए हैं और यात्रा अब भी जारी है। शुक्रवार सुबह चाय के लिए विराम के बाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रमुख प्रतिभा सिंह, उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह और राज्य के नवनिर्वाचित विधायक के साथ-साथ राज्य में कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला भी यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा में जैसे ही सीएम सुक्खू आए तो उन्हें देखते ही राहुल गांधी ने गले लगा लिया। इसके बाद वे सुक्खू के कंधे पर हाथ रखकर यात्रा में आगे बढ़े।जाहिर है हिमाचल विधानसभा चुनाव नतीजे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल चुके हैं। इसके बाद पार्टी के कई अन्य नेता भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बहाने राहुल गांधी से मिल चुके हैं।
इस समय भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में तेजी से आगे बढ़ रही है। इस यात्रा के लिए राहुल गांधी हर दिन सुबह 5 बजे उठ जाते हैं और फिर सभी के साथ यात्रा की शुरुआत करते हैं। भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यह 3570 किलोमीटर लंबी पदयात्रा है, जो 5 महीने तक चलेगी।