23 मार्च: जिला सिरमौर के नाहन क्षेत्र में तीन दिन से लापता भेड़ पालक युवक का शव मालोवालां गांव के पास एक तालाब से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान जय किशोर (29), निवासी धारा (रोहड़ू, जिला शिमला) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जय किशोर 19 मार्च की शाम मारकंडे पुल के पास बाल कटवाने के लिए गया था। रात तक परिजनों से उसकी फोन पर बात हुई, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन तीन दिन तक कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 22 मार्च को उसका शव तालाब में मिला।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारण स्पष्ट हो पाएंगे।