4 अप्रैल: सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बैंक कर्मचारी की जान चली गई। पांवटा साहिब-नाहन नेशनल हाईवे पर भूपपुर के पास तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से यूको बैंक के मुख्य कैशियर की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरि राम पुत्र पिरता राम, निवासी गांव टोकियों, डाकघर सैनवाला, उपतहसील माजरा (पांवटा साहिब), भूपपुर स्थित यूको बैंक में मुख्य कैशियर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह वह अपने घर से बस के माध्यम से ड्यूटी पर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि भूपपुर के पास बस से उतरने के बाद जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी एचपी 85-2070 नंबर की तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल हरि राम को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद बैंक कर्मियों और परिजनों में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।