30 मार्च: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के श्रीरेणुकाजी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बांदल-सुराख मार्ग पर खाला क्यार के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मृतकों की पहचान अनिल कुमार (36) निवासी खाला क्यार और गुमान सिंह (48) निवासी धार टारन के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।