30 मार्च: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 48 घंटों में पुलिस ने खनन गतिविधियों में शामिल 42 वाहनों को जब्त कर उनके चालान किए हैं।
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई। जांच के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध खनन में संलिप्त वाहन पकड़े गए।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए वाहनों में से 39 के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत और 3 के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सभी वाहनों को पुलिस हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।