सार्थक ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले नैतिक राणा को किया सम्मानित

 

आवाज ए हिमाचल

22 फरवरी।शाहपुर की प्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था ‘सार्थक’ ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले डढम्ब निवासी नैतिक राणा को उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने उन्हें शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान नैतिक राणा के पिता संदीप राणा माता सहित अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। पूरे परिवार के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि नैतिक की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे शाहपुर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
नैतिक राणा ने हाल ही में राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इससे पहले भी वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। लगातार मिल रही सफलताओं ने उन्हें कुश्ती के क्षेत्र में एक उभरते सितारे के रूप में स्थापित किया है।
टीम सार्थक ने कहा कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना उनका उद्देश्य है, ताकि युवा खेलों की ओर अग्रसर हों और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें।कार्यक्रम के अंत में सभी ने नैतिक राणा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *