साधना नेपाली को “शाहपुर रत्न”2023 सम्मान, केवल पठानिया ने तोता रानी में किया सम्मानित

Spread the love

 

आवाज ए हिमाचल 

दीपक गुप्ता, तोतारानी (शाहपुर)। आवाज़ ए हिमाचल मीडिया ग्रुप ने सोमवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तोतारानी में एक कार्यक्रम का आयोजन कर” प्रसिद्ध समाजसेवी 90 वर्षीय साधना नेपाली को “शाहपुर रत्न” सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने भेंट किया। केवल सिंह पठानिया ने साधना नेपाली को स्मृति चिन्ह, शॉल, टोपी व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने साधना नेपाली को बधाई देते हुए इस सम्मान के लिए आवाज़ ए हिमाचल मीडिया ग्रुप का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि तोता रानी एक एतिहासिक गांव है। यह मास्टर मित्रसेन की धरती है तथा आज इस गांव में उनके द्वारा साधना नेपाली को शाहपुर रत्न सम्मान से सम्मानित करना एक बहुत बड़ी बात है उन्होंने कहा कि साधना नेपाली ने युवा अवस्था में समाजसेवा शुरू की थी और आज 90 वर्ष की आयु में भी वे उसी तरह से जरूरतमंद लोगों की मदद व सेवा कर रही है।उन्होंने हिमाचल ही नहीं बल्कि देश भर में लोगों की मदद की है। आज उन्हें सम्मानित करते हुए वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे है। विधायक ने आवाज़ ए हिमाचल मीडिया ग्रुप की तारीफ की तथा इस कार्यक्रम के लिए आभार जताया।
पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। गांव की मुखिया ने विधायक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

आवाज़ ए हिमाचल मीडिया ग्रुप के एमडी अजय पंकिल चेयरमैन, आशीष पटियाल निदेशक, अशोक चंबियाल, भूपेंद्र भंडारी, ब्यूरो अमित पराशर, कार्यालय प्रभारी बबलू सूर्यवंशी, वीडियो जर्नालिस्ट केशव व दीपक गुप्ता ने विधायक का स्वागत किया। यहां बता दे कि आवाज़ ए हिमाचल मीडिया ग्रुप हर साल अपने वार्षिकोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्यों करने वाली विभूतियों को शाहपुर रत्न व शाहपुर गौरव सम्मान से सम्मानित करता है। इस साल 28 फ़रवरी को यह सम्मान दिए गए थे, लेकिन उस समय साधना नेपाली अस्वस्थ होने के चलते कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाई थी।

साधना नेपाली को”शाहपुर रत्न” 2023 प्रदान करने के लिए सोमवार को तोता रानी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष तौर पर मौजूद रहे।केवल सिंह पठानिया इस दौरान दोपहर के भोजन के लिए साधना नेपाली के घर भी रुके तथा काफी समय तक वहां रहे।कार्यक्रम के दौरान विधायक की धर्मपत्नी सुनंदा पठानिया, पूर्व प्रधान मनोज ठाकुर, प्रसिद्ध लोक गायक सुनील राणा, गांव की मुखिया नीना, जिला परिषद सदस्य रितिका शर्मा, नीना ठाकुर, देशराज, भलेड़ के पूर्व प्रधान पवन ठाकुर सहित कई लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *