साइबर ठगी का नया जाल: पीएम आवास योजना के फर्जी लिंक से सात लाख की ठगी, सतर्क न रहे तो आप भी बन सकते हैं शिकार

05 फरवरी : डिजिटल इंडिया के दौर में साइबर ठगों ने अब सरकारी योजनाओं को ठगी का हथियार बना लिया है। ताजा मामला जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के नलसूहा गांव का है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम से आए एक फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही व्यक्ति की जीवनभर की जमापूंजी साफ हो गई। ठगों ने न केवल मोबाइल फोन हैक किया, बल्कि बैंक को समय रहते सूचना देने के बावजूद करीब सात लाख रुपये की एफडी तोड़कर रकम निकाल ली।

नलसूहा निवासी रविकांत ने बताया कि 20 जनवरी को उनके व्हाट्सएप पर पीएम आवास योजना से जुड़ा एक लिंक आया था। उत्सुकतावश जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन असामान्य रूप से काम करने लगा। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत देहरा स्थित अपने निजी बैंक से संपर्क कर खाते को सुरक्षित करने की सूचना दी और फोन हैक होने की जानकारी दी।

रविकांत का आरोप है कि बैंक को समय रहते अवगत कराने के बावजूद खाते को फ्रीज करने में लापरवाही बरती गई। इसी बीच तकनीकी कारणों से उनका सिम भी बंद हो गया, जिस कारण बैंक लेनदेन से जुड़े अलर्ट मैसेज उन्हें नहीं मिल सके। दो दिन बाद जब फोन और सिम चालू हुए तो मोबाइल पर संदेश आया कि उनकी सात लाख रुपये से अधिक की एफडी तोड़कर पूरी राशि निकाल ली गई है।

पीड़ित का कहना है कि बैंक प्रबंधन से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। मामले से आहत रविकांत ने एसपी देहरा और साइबर क्राइम सेल में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

उधर, साइबर ठगी का एक और मामला सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र से सामने आया है। यहां एटीएम कार्ड बदलकर एक व्यक्ति के खाते से 50 हजार रुपये की ठगी की गई। ग्राम कांटी मशवा निवासी गुमान सिंह जब बद्रीपुर-जामनीवाला स्थित एटीएम से पैसे निकाल रहे थे, तो दो युवक उनके पास आए और पिन नंबर देखते हुए एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

शक होने पर गुमान सिंह तुरंत बैंक पहुंचे, लेकिन तब तक उनके खाते से 50 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई थी। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने आम लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप या एसएमएस पर आए किसी भी सरकारी योजना, लॉटरी या फ्री सुविधा के लिंक पर बिना सत्यापन क्लिक न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक शाखा में जाकर लिखित रूप से खाता ब्लॉक करवाएं और पुलिस को सूचित करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *