28 फरवरी: शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के अटल सभागार में शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल, स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा और विधायक हरीश जनारथा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह अभियान 13 से 14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 90 दिनों के भीतर 64 हजार बेटियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए सरकार लगभग 3,000 करोड़ रुपये का बजट व्यय कर रही है। साथ ही पांच मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
राज्य स्तरीय समारोह में सिस्टर निवेदिता नर्सिंग कॉलेज, निजी नर्सिंग संस्थानों की प्रशिक्षु परिचारिकाएं, एमबीबीएस छात्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्कर भी उपस्थित रहे।