सरकार ने शाहपुर के डोहब में मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल के निर्माण को जारी किए 1.50 करोड़ रुपए

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

ब्यूरो, शाहपुर। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया क्षेत्र के गरीब, आम व दिहाड़ीदारों के बच्चों के लिए बड़ी सौगात लेकर आए हैं। केवल सिंह पठानिया की बदौलत अब शाहपुर गरीब, आम व दिहड़ीदार भी अपने बच्चों को आलीशान स्कूल में पढ़ा सकेगा। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शाहपुर के डोहब में राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल को मंजूरी देने के बाद अब इसके संचालन व आलीशान भवन निर्माण के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपए की मंजूरी दे दी है। इस बारे आदेश जारी हो गए हैं। अब बजट का प्रावधान हो गया है, तो जल्द ही इसका निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। यह स्कूल ग्राम पंचायत डोहब के मरो घटा में करीब 75 कनाल भूमि पर बनेगा।

अहम व बड़ी बात यह है कि यह स्कूल प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित होने है तथा पहले चरण में सुक्खू सरकार ने राज्य में सिर्फ सात विधानसभा क्षेत्रों में ही इन स्कूल को चलाने का निर्णय लिया है। इसे विधायक केवल सिंह पठानिया का कुशल राजनीतिक कौशल ही कहा जाएगा, कि उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ बेहतर संबंधो का लाभ उठाते हुए पहले चरण में ही शाहपुर को यह सौगात दिला दी है। पिछले दिनों प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शाहपुर पहुंच कर इस स्कूल के लिए जमीन का निरीक्षण किया था तथा अब सुक्खू सरकार ने इसके निर्माण के लिए एक करोड़ 50 लाख की राशि को भी मंजूरी दे दी है।

अहम बात यह है कि शाहपुर के डोहब में स्थापित होने वाले इस स्कूल में चार-चार ब्लॉक बनाए जाएंगे। इन स्कूलों में नर्सरी से बारहवीं कक्षा तक एक साथ विद्यार्थी पढ़ सकेंगे। इस स्कूल में अंग्रेजी व हिंदी दोनों माध्यमों में पढ़ाई करवाई जाएगी। इसके अलावा हर्बल व बाटेनिकल गार्डन, स्वीमिंग पूल, रिसेप्शन हाल, इनडोर गेम्स के लिए अलग स्टेडियम होगा। रेन हारवेस्टिंग टैंक और वाटर स्टोरेज टैंक, प्रधानाचार्य के आवास के अलावा चौकीदार के लिए भी अलग आवास होगा। मेस की व्यवस्था भी होगी। खेलकूद के लिए बड़े मैदान तैयार किए जाएंगे। स्कूलों में छुट्टी होने के बाद भी विद्यार्थी शाम को माता-पिता के आने तक यहां रह सकेंगे। स्कूल में एक प्रशासनिक ब्लॉक होगा। इसमें प्रिंसिपल के कार्यालय के अलावा शिक्षकों और गैर शिक्षकों के कार्यालय होंगे। ब्लॉक बी में नर्सरी और केजी के बच्चों के लिए छह कमरे और पहली से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के छह कमरे बनाए जाएंगे। म्यूजिक रूम, रेस्ट रूम, मेस, हॉल बनाया जाएगा। ब्लॉक सी में छठी से आठवीं कक्षा के लिए छह कमरे, कंप्यूटर लैब बनाए जाएंगे। ब्लॉक डी में नवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आठ कमरे तैयार किए जाएंगे।

इस ब्लॉक में साइंस लैब, आडिटोरियम, कॉमन रूम, इनोवेशन हॉल, म्यूजिक रूम और स्टूडियो भी बनाए जाएंगे। तीन ब्लॉकों के साथ तीन अलग-अलग खेल मैदान तैयार किए जाएंगे। विधायक केवल सिंह प ठानिया ने शाहपुर के डोहब में प्रस्तावित डे बोर्डिंग स्कूल के लिए एक करोड़ 50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार जताया है, उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को हर सुविधा उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *