सरकारी पार्क में तोड़फोड़ और चोरी, JCB व ट्रैक्टर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

05 फरवरी: पांवटा साहिब पुलिस ने नगर परिषद की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर-3 बद्रीपुर और जयदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर-1 बद्रीपुर, पांवटा साहिब के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 23 अक्तूबर 2025 को नगर परिषद पांवटा साहिब के कनिष्ठ अभियंता की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि फ्रेंड्स कॉलोनी, वार्ड नंबर-1 स्थित नगर परिषद के पार्क की चारदीवारी, रास्ता और टीन शेड को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया, जबकि पार्क में लगे सामान की भी चोरी की गई।

जांच में सामने आया कि भूमि मालिक की मृत्यु के बाद उसके वारिस गुरदीप सिंह ने अपने साथी जयदीप सिंह के साथ मिलकर बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के सरकारी पार्क को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई। पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज को भी अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया।

पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ पीडीपी एक्ट की धारा 3 तथा बीएनएस की धारा 303(2), 332(सी) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और चोरी किए गए सामान की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *