12 मार्च: बिलासपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। घवांडल के बाद अब दगड़ाहन क्षेत्र में दो बेरोजगार युवकों से धोखाधड़ी की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
पुलिस को दी गई शिकायत में अनूप कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी दगड़ाहन, डाकघर जगातखाना, तहसील श्रीनयनादेवी जी ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार पुत्र धीरजु राम निवासी वार्ड नंबर-2, नगर पंचायत चौपाल, जिला शिमला ने उनके भाई राममूर्ति और एक अन्य युवक गौरव निवासी टाली को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने दोनों युवकों से गूगल-पे के माध्यम से 50-50 हजार रुपये अपने बैंक खाते में डलवा लिए। पैसे लेने के बाद न तो उन्हें नौकरी दिलवाई गई और न ही रकम वापस की गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ पहले भी इसी तरह का मामला दर्ज हो चुका है। इससे पहले 24 फरवरी को थाना कोट कहलूर में घवांडल निवासी नीता देवी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी ने खुद को लोक निर्माण विभाग का इंजीनियर बताकर उनके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और कागजी कार्रवाई के नाम पर अलग-अलग तारीखों में कुल 4 लाख 56 हजार रुपये ठग लिए। बाद में आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राकेश कुमार को हिरासत में ले लिया गया है और थाना स्वारघाट में उसके खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसे न दें और ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।