सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता का बड़ा अभियान, सामाजिक संगठन और युवा उतरेंगे मैदान में

Spread the love

आवाज ए हिमाचल 

20 जनवरी। प्रदेशभर में मनाए जा रहे 32वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत हर दिन जागरूकता अभियान चलेगा। इसके तहत पहले दिन आरटीओ धर्मशाला के कार्यालय में अभियान के शुभारंभ के साथ जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। दूसरे दिन हिमाचल पथ परिवहन निगम के साथ मिलकर इस अभियान को गति दी गई। जबकि बुधवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व युवाओं को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया जाएगा। आरटीओ संजय धीमान ने कहा यातायात नियमों का सही रूप से पालन न करने तथा ओवर स्पीड के कारण दिन प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ौतरी हो रही है, जिससे कई मूल्यवान जिंदगियों को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन तथा पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर चेकिंग सुनिश्‍चित की जाती है। लेकिन फिर भी वाहन चालकों का वाहन चलाते समय नियमों के प्रति जागरूक व संवेदनशील न होना अपने आप में एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनने तथा इसे अपने जीवन का एक अहम हिस्सा बनाने का आग्रह किया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।

पूरे प्रदेश की तर्ज पर कांगड़ा जिला में भी 18 जनवरी, 2021 से 17 फरवरी, 2021 तक यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों में जागरूकता लाने के लिए माह भर विभिन्न कार्यक्रम एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का थीम ‘‘ सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’’ रखा गया है। इसे केन्द्र बिन्दु में रखकर सभी लोगों को वाहन प्रयोग करते समय कड़े सुरक्षा मानकों की जानकारी प्रदान की जाएगी। चालक-परिचालक एवं निजी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से इस अभियान को सफल बनाने एवं सड़क सुरक्षा के कड़े मानकों को व्यवहारिक तौर पर अपनाने का आग्रह किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *