07 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिरमौर जिला के पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम एक कार में सवार तीन व्यक्ति डेबरघाट से वापस लौट रहे थे। शाम करीब 7:45 बजे जब उनकी गाड़ी सतयायी नाला के समीप पहुंची, तो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिमन्यु (31) पुत्र सुंदर सिंह, निवासी गांव व डाकघर लाना पालर, को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार चालक अशोक (28) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है, जबकि तीसरे घायल संजय कुमार (35) का उपचार चल रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने बताया कि पुलिस थाना संगड़ाह में दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी दिन संगड़ाह क्षेत्र के हरिपुरधार–खरोटियो खाला मार्ग पर भी एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हुआ था। एक ही दिन में हुए इन दो हादसों से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।