27 फरवरी: शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल के कुन्नी गांव में दो दिनों से लापता 45 वर्षीय महिला का शव गहरी खाई से बरामद किया गया है। शव अत्यंत दुर्गम स्थान पर फंसा होने के कारण प्रशासन को एनडीआरएफ की मदद लेनी पड़ी।
मृतका की पहचान कृष्णा देवी (45), पत्नी दीवान सिंह, निवासी कुन्नी (शाहधार) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह 26 फरवरी की सुबह घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो पुलिस को सूचना दी गई।
तलाशी अभियान के दौरान गांव के पास गहरी और पथरीली खाई में महिला का शव दिखाई दिया। स्थान बेहद दुर्गम होने के कारण स्थानीय प्रशासन के लिए रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बाद ज्यूरी स्थित एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन को सहायता के लिए बुलाया गया।
अंधेरा होने के कारण बुधवार को अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ इंस्पेक्टर अशोक के नेतृत्व में टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।