28 मार्च: पर्यटन नगरी शिमला के मॉल रोड से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति की आपत्तिजनक हरकतें सामने आई हैं। वीडियो में साधु जैसे वेश में दिख रहा व्यक्ति राह चलती युवतियों के साथ अनुचित व्यवहार करता नजर आ रहा है।
करीब 29 सेकेंड के इस वीडियो को किसी राहगीर ने पीछे से रिकॉर्ड किया है। इसमें दिख रहा है कि व्यक्ति मॉल रोड पर बेखौफ घूम रहा है और गुजर रही लड़कियों के करीब जाकर गलत तरीके से छूने की कोशिश करता है। आसपास मौजूद लोग भी उसकी हरकतों को देखकर हैरान दिखाई देते हैं।
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि मॉल रोड शहर का सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाका है, जहां पुलिस की मौजूदगी रहती है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब का है, और न ही अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज हुई है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई पीड़ित सामने आता है, तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।