11 मार्च: राजधानी शिमला में हॉली लॉज के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर सड़क किनारे एक निर्माणाधीन भवन के पीछे नाली में करीब 20 से 25 वर्ष का युवक मुंह के बल गिरा हुआ मिला। जांच करने पर युवक मृत पाया गया। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और नाक-मुंह से खून निकल रहा था।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसकी जेब से भी कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।
शव को आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को आशंका है कि युवक का पैर फिसलने से वह करीब 35 से 40 फुट ऊंचाई से नीचे नाली में गिर गया होगा। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक शवगृह में रखा गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।