26 मार्च: शिमला के कसुम्पटी क्षेत्र में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोर घर से सिर्फ भरा हुआ गैस सिलेंडर ही चुरा ले गए, जबकि कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया।
घटना हिमुडा कॉलोनी की है, जहां बुजुर्ग दंपत्ति मंदिर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर दरवाजा टूटा मिला और रसोई से सिलेंडर गायब था, जबकि लैपटॉप समेत अन्य सामान सुरक्षित मिला।
शहर में गैस की किल्लत के बीच इस तरह की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।