शिमला में महिला की संदिग्ध मौत: बागीचे में पेड़ से लटका मिला शव, जांच जारी

5 अप्रैल: शिमला जिले के चिड़गांव थाना क्षेत्र के खशाधार गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव बागीचे में एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रेखा के रूप में हुई है, जो नेपाली मूल के राम राज की पत्नी बताई जा रही है। शुक्रवार शाम को खशाधार निवासी रॉबिन ने थाने में सूचना दी कि उनके बागीचे में काम करने वाले चौकीदार की पत्नी का शव पेड़ से लटका हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के पति राम राज ने बताया कि वह सुबह काम पर गया था और जब वापस लौटा तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। तलाश करने पर बागीचे में पेड़ से उसका शव लटका मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचित किया गया।

प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी तरह के संघर्ष या बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। गर्दन पर फंदे के निशान जरूर मिले हैं, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *