8 अप्रैल: जिला शिमला के मंदिरों में आयोजित होने वाले भंडारों के लिए अब न्यूनतम मानक तय किए जाएंगे। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि मंदिरों में बनने वाले भंडारों के लिए एक समान व्यंजन और व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि एकरूपता बनी रहे और उसी आधार पर दरें तय की जा सकें।
मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिला के प्रमुख मंदिरों की वेबसाइट बनाने का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर से जुड़ी सभी सुविधाएं ऑनलाइन मिलेंगी, जिनमें भंडारा स्लॉट बुकिंग, लाइव दर्शन, आरती, सराय बुकिंग और दान जैसी सेवाएं शामिल होंगी।
पहले चरण में माता तारा देवी, संकटमोचन और जाखू मंदिर को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा, जबकि बाद में अन्य मंदिरों को भी शामिल किया जाएगा।
इस पहल से मंदिरों में पारदर्शिता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं को भंडारों की पूरी जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी, जैसे किस दिन किसका भंडारा है और अन्य जरूरी विवरण।