शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चिट्टे के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, पंजाब से मुख्य सप्लायर भी दबोचा

11 अप्रैल: शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 34.440 ग्राम चिट्टा बरामद कर चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य सप्लायर को पंजाब से दबोचा गया है।

जानकारी के अनुसार, ठियोग पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मतियाना क्षेत्र में एक बोलेरो कैंपर में नशे की सप्लाई की जा रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका और तलाशी के दौरान चिट्टा बरामद किया।

मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद प्रकाश, विजय कुमार, अभिषेक और कैलाश के रूप में हुई है, जो शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।

पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पंजाब के मानसा जिले से मुख्य सप्लायर शिवदेव सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे ठियोग लाकर अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस का मानना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *